मध्य प्रदेशप्रशासनरीवा

संकल्प से समाधान अभियान शिविर में हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित 

संकल्प से समाधान अभियान शिविर में हितग्राहियों को किया गया लाभान्वित 

निगम के टाउन हॉल में आयोजित किया गया जिला स्तरीय शिविर

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

 

रीवा . संकल्प से समाधान अभियान के तहत हितलाभ वितरण के लिए नगर निगम के टाउन हॉल जिला स्तरीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीण एवं नगरीय निकाय के हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर निराकरण करते हुए उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में जिले भर से बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती जी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनगवां विधायक श्री नरेंद्र प्रजापति ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है, जिससे पात्र हितग्राही को हितलाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें प्रभावी रूप से धरातल पर लागू कर प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाना है। ऐसे शिविरों के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे हितलाभ वितरण के साथ लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सके। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस अभियान के माध्यम से गांव-गांव तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है और प्रशासन स्वयं लोगों के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याएं सुन रहा है। नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय ने कहा कि अंत्योदय की भावना के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि इस अभियान का क्रियान्वयन जिले में चार चरणों में किया गया। अभियान के तहत शिविर 12 फरवरी से 31 मार्च तक आयोजित किए गए, जिनमें 20 विभागों की 106 सेवाएं शामिल की गईं। इन शिविरों के माध्यम से कुल 47,850 आवेदनों का निराकरण किया गया। शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं अन्य पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 26 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही नगर निगम रीवा, जनपद पंचायत त्यौंथर एवं जनपद पंचायत गंगेव में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में नगर निगम उपायुक्त श्री प्रकाश द्विवेदी ने सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में पधारे हितग्राहियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं मैदानी अमले के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया। कार्यक्रम में एसडीएम अनुराग तिवारी, उपायुक्त प्रकाश द्विवेदी, संयुक्त संचालक अनिल दुबे, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button