
ग्राम भलुही में ‘गंगा जल संवर्धन अभियान’ के तहत कृषक जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . जल संरक्षण और आधुनिक कृषि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज ग्राम भलुही में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप संचालक कृषि यूपी बागरी ने किसानों को भविष्य की खेती के लिए जल की एक-एक बूंद सहेजने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि बदलती जलवायु में ड्रिप और स्प्रिंकलर जैसी सूक्ष्म सिंचाई पद्धतियाँ न केवल पानी बचाती हैं, बल्कि पैदावार भी बढ़ाती हैं। उन्होंने किसानों से वर्षा जल संचयन की अपील करते हुए मृदा स्वास्थ्य पर विशेष जोर दिया और समझाइश दी कि नरवाई जलाना न केवल कानूनी अपराध है बल्कि यह धरती की उर्वरा शक्ति को भी नष्ट करता है। इसके स्थान पर उन्होंने फसल अवशेष प्रबंधन की बारीकियां समझाईं। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी रामजी पांडेय सहित आत्मा परियोजना की टीम से बीटीएम सपना पांडेय, एटीएम प्राची शर्मा और प्रतीक्षा सिंह ने किसानों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने कृषकों को रसायनों का त्याग कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने तथा आय बढ़ाने के लिए पशुपालन और कृषि अभियांत्रिकी की ‘कस्टम हायरिंग’ जैसी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी और प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे, जिन्होंने आधुनिक तकनीक के साथ आगे बढ़ने का भरोसा जताया।
