
इटावा पुलिस ने चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान:इटावा, उत्तर प्रदेश
इटावा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित चोर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में एसओजी/सर्विलांस टीम और थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
पुलिस के अनुसार, 9/10 अप्रैल की रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति लॉयन सफारी रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान में चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे सुनसान क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों को निशाना बनाकर छुट्टियों के दौरान चोरी करते थे, ताकि घटना की जानकारी देर से हो सके। गिरोह द्वारा इनवर्टर, टीवी, कंप्यूटर, पंखे तथा मिड-डे-मील से संबंधित सामान की चोरी की जाती थी।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का सामान, चोरी में प्रयुक्त औजार, एक तमंचा, एक तलवार, एक छुरा, नकदी एवं एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
