जनगणना : नागरिक पोर्टल के माध्यम से कर सकेंगे सेल्फ एन्युमरेशन
प्रगणकों द्वारा एचएलओ ऐप से किया जाएगा डेटा संकलन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मऊगंज जिले में जनगणना के दौरान डिजिटल इंडिया पहल के तहत डेटा संग्रहण की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल तकनीक का बड़े स्तर पर उपयोग किया जाएगा। जनगणना की पूरी प्रक्रिया दो मुख्य चरणों में संपन्न होगी, जिसका पहला चरण एक मई से 30 मई तक चलेगा। इस चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना की जाएगी। दूसरा चरण यानी जनसंख्या गणना फरवरी 2027 में की जाएगी।
इस जनगणना की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता सेल्फ एन्युमरेशन (स्व-गणना) की सुविधा है। आम नागरिकों के लिए एक समर्पित वेब पोर्टल एसई डॉट सेंशस डॉट जीओभी डॉट इन उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके माध्यम से वे स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। यह पोर्टल घर-घर जाकर किए जाने वाले डेटा संकलन की शुरुआत से ठीक 15 दिन पहले आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इस सुरक्षित और सरल माध्यम का उपयोग कर परिवार का कोई भी एक सदस्य मात्र 15-20 मिनट में अपनी जानकारी हिंदी, अंग्रेजी या 14 अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में भर सकता है। स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोबाइल या ईमेल पर एक स्व-गणना पहचान प्राप्त होगी, जिसे बाद में घर आने वाले प्रगणक के साथ इसे साझा करना अनिवार्य होगा।
इस संबंध में कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय कुमार जैन ने जिले के सभी विभागों को निर्देश जारी किए हैं। कलेक्टर ने सभी शासकीय विभाग, अधीनस्थ कार्यालयों और संगठनों के कर्मचारियों को इस 15 दिवसीय अवधि के दौरान नागरिकों को स्व-गणना के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि एक अनुकरणीय उदाहरण स्थापित किया जा सके। प्रगणकों द्वारा डेटा संकलन के लिए एचएलओ ऐप (हाउसिंग लिस्टिंग एण्ड हाउसिंग सेंशस ऑपरेशन) का उपयोग किया जाएगा। किसी भी प्रकार के स्पष्टीकरण या सहायता के लिए नागरिक अपने जिले के जनगणना कार्य निदेशालय या कलेक्ट्रेट स्थित जनगणना कक्ष से संपर्क कर सकते हैं। इस डिजिटल पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को अधिक कुशल और पारदर्शी बनाना है।



