24 घंटे में मिली आपदा पीड़ितों को राहत राशि, ख़ुशी से खिलखिला उठे चेहरे–
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
तहसील सदर अंतर्गत ग्राम कर्री में दिनांक 14 अप्रैल को अज्ञात कारणों से भीषण अग्निकांड की घटना घटित हुई, जिसमें कई हेक्टेयर गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। इस दुर्घटना से प्रभावित किसानों एवं अन्य पीड़ितों को भारी आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षति का आकलन कराया गया तथा माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देशानुसार खेत-खलिहान दुर्घटना सहायता योजना के अंतर्गत मात्र 24 घंटे के भीतर पीड़ितों को राहत सहायता उपलब्ध कराई गई।
आज सदर विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया जी द्वारा पीड़ितों को चेक वितरित किए गए, जिससे पीड़ितों के चेहरों पर राहत और संतोष की झलक दिखाई दी।
इस अवसर पर विधायक जी ने जिलाधिकारी महोदय के कुशल नेतृत्व एवं प्रशासन की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में आपदा राहत प्रणाली शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी ढंग से कार्य कर रही है, जिससे पीड़ितों को समय पर सहायता मिल पा रही है।
सदर उपजिलाधिकारी श्री विक्रम सिंह राघव ने उपस्थित ग्रामीणों को आपदा की स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता बरतें, सुरक्षित स्थान पर जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 1070 एवं 1077 हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें।
यह त्वरित राहत कार्य प्रशासन की संवेदनशीलता, सक्रियता एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे आपदा प्रभावित लोगों को समय पर सहायता सुनिश्चित की जा सकी।



