प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश

मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश

जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाएं लागू करें – मुख्यमंत्री

जनता का मन जीतकर अभियानों को सफल बनाएं – मुख्यमंत्री

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान:मऊगंज, मध्यप्रदेश

मऊगंज . मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी अधिकारी जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए योजनाओं को लागू करें। जनता का मन जीतकर जल गंगा संवर्धन अभियान तथा अन्य अभियानों को सफल बनाएं। जल संवर्धन और संरक्षण के कार्यों में प्रदेश को लगातार अग्रणी बनाए रखें। महिलाओं के अधिकारों को लेकर संसद में अत्यंत महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं। नारी सशक्तिकरण के लिए 20 अप्रैल को बड़े आयोजन करके हम सरकार की नारी सशक्तिकरण की प्रतिबद्धता प्रगट करेंगे। कलेक्टर और एसपी नियमित रूप से क्षेत्र का भ्रमण करके कानून और व्यवस्था की निगरानी करें। असामाजिक तत्वों पर कठोर कार्यवाही करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निगम और मंडलों का पुनर्गठन शीघ्र किया जाएगा। दूध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए नई दूध सहकारी समितियों के गठन तथा पुरानी समितियों के चुनाव पर भी कलेक्टर्स ध्यान दें। प्रदेश भर में गेंहू उपार्जन शुरू हो गया है। हम पहले दो हेक्टेयर तक जमीन वाले छोटे किसानों से उपार्जन कर रहे हैं। इसका जिला स्तर पर भी व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं। खरीदी केन्द्रों का राजस्व तथा उपार्जन से जुड़े विभागों के अधिकारी नियमित निरीक्षण करके सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। किसानों को उपार्जन के तीन दिन की अवधि में भुगतान कराएं। चना, मसूर और सरसों की भी खरीदी की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। मंडियों का भी नियमित रूप से निरीक्षण करके किसानों के लिए उचित प्रबंध कराएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में कई विभागों में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित हैं। कलेक्टर लंबित आवेदन पत्रों के निराकरण के साथ विभागवार विश्लेषण करके विभागीय योजनाओं की मॉनीटरिंग सुनिश्चित करें। गर्मियों में शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल की समुचित व्यवस्था कराएं। नशामुक्त भारत अभियान के तहत एनकोर समिति की हर माह बैठक आयोजित करके नशामुक्ति के प्रयासों को गति दें। जनगणना के लिए 16 से 30 अप्रैल तक स्व-गणना का कार्य किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों से स्व-गणना कराकर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं जिससे आमजन भी इसके लिए प्रेरित हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संकल्प से समाधान अभियान में प्राप्त सभी आवेदन पत्रों का निराकरण करें। इनमें विभागवार प्राप्त पत्रों का विश्लेषण करके कलेक्टर संबंधित विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करें। कलेक्टर्स जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सभी सांदीपनि स्कूलों के नवीन भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएं। जल गंगा संवर्धन अभियान में डिंडौरी, खण्डवा तथा बड़वानी जिले में अच्छा कार्य हो रहा है। देश स्तर की रैंकिंग में डिंडौरी को प्रथम तथा खण्डवा को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। अभियान के शुरूआत में प्रदेश छठवें स्थान पर था जो अच्छे कार्यों से अब तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय निकायों में शीघ्र ही स्वच्छता रैंकिंग के लिए सर्वेक्षण शुरू हो रहा है। इसमें देश में श्रेष्ठ से श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करें। बैठक में मुख्यमंत्री ने गर्मियों में सार्वजनिक स्थलों में नि:शुल्क प्याऊ की व्यवस्था, ज्ञान भारत अभियान के तहत प्राचीन पाण्डुलिपियों को पोर्टल में अपलोड करने तथा गर्मियों में संचारी रोगों एवं लू से बचाव के संबंध में अस्पतालों में समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग में कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर संजय कुमार जैन, अपर कलेक्टर पीके पाण्डेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button