
मरीजों की सुविधा के लिए बड़ी पहल
सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में आयुष्मान, ईसीएचएस और एबीडीएम के नए एकीकृत कार्यालय प्रारंभ
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र में सबसे बड़े चिकित्सा केंद्र, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ने मरीजों को प्राप्त होने वाली सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आयुष्मान कार्यालय को आधुनिक एकीकृत केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है। अब आयुष्मान भारत, ईसीएचएस (पूर्व सैनिक योजना) और एबीडीएम (डिजिटल मिशन) की सभी सेवाएं एक ही काउंटर में उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को अलग-अलग काउंटरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
अधीक्षक डॉ. अक्षय श्रीवास्तव ने बताया कि पुराने काउंटरों की जगह अब आधुनिक काउंटर बनायें गये हैं। यहां सभी विभागों के आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए कार्ड वेरिफिकेशन से लेकर क्लेम प्रोसेसिंग तक की सुविधा एक ही स्थान पर मिलेगी। सेना के रिटायर्ड जयानों और उनके परिवारों के लिए ईसीएचएस के समन्वय से एक समर्पित विंग बनाई गई है, जो सीधे सुपर स्पेशलिटी सेवाओं के लिए रेफरल और कैशलेस भर्ती का कार्य देखेगी। इसी प्रकार डिजिटल हेल्थ एबीडीएम डेस्क में डिजिटल रिकॉर्ड प्रबंधन के लिए उन्नत सिस्टम लगाए गए हैं। मरीज यहाँ अपना आभा आईडी बनवा सकते हैं और अपने पुराने मेडिकल रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सिंक कर सकते हैं। अधीक्षक ने बताया कि यह स्थानांतरण केवल जगह का बदलाव नहीं है, बल्कि सेवाओं की गति बढ़ाने का प्रयास है। चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. सुनील अग्रवाल के सहयोग से नए केंद्र में नौ काउंटर कंप्यूटर सिस्टम सहित स्थापित किये गए हैं ताकि प्रतीक्षा समय को कम किया जा सके। यह अस्पताल अब इस क्षेत्र का एकमात्र ऐसा शासकीय केंद्र बन गया है जहाँ तीनों राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं के लिए अत्याधुनिक एकीकृत बुनियादी ढांचा उपलब्ध है।
