
गर्मी के मौसम में पेयजल समस्या वाले ग्रामों में विशेष निगरानी रखी जाय
पेयजल समीक्षा बैठक में दिये गये निर्देश
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मऊगंज जिले के शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा गर्मी के मौसम में पेयजल समस्या वाले ग्रामों में विशेष निगरानी रखकर समुचित व्यवस्थायें कराने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट में विधायक देवतालाब श्री गिरीश गौतम, विधायक मऊगंज श्री प्रदीप पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल एवं कलेक्टर श्री संजय कुमार जैन की उपस्थिति में निर्देश दिये गये कि जिले के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में निर्बाध जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाय तथा समस्या ग्रस्त ग्रामों में पेयजल की व्यवस्था कराई जाय।
नगरीय निकाय मऊगंज में जल प्रदाय परियोजना की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया गया कि मऊगंज कस्बे के मुख्य मार्ग में सड़क चौड़ीकरण के कारण जो नल कनेक्शन टूट गये हैं उनकी शीघ्र मरम्मत कराई जाय। जिन स्थलों में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण जल प्रदाय में अवरोध हो रहा है वहां हैण्डपंप व मोटर के माध्यम से जल आपूर्ति कराई जाय। बैठक में निर्देश दिये गये कि नगरीय क्षेत्र के वार्डों में जिन हैण्डपंप में जल स्त्रोत नीचे चला गया है वहां राइजल पाइप बढ़ाकर हैण्डपंप को दुरूस्त किया जाय। साथ ही बिगड़े हैण्डपंपों को शीघ्र सुधारा जाय तथा जिन हैण्डपंप का पानी पीने योग्य नहीं हो उसमें लाल कलर से मार्किंग करें।
ग्रामीण क्षेत्रों में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं मैकेनिकल खण्ड द्वारा एकल व समूह ग्राम योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। बैठक में निर्देश दिये गये कि ग्रामीण नल जल योजनाओं का व्यवस्थित ढंग से संचालन सुनिश्चित कराया जाय। जल स्तर घटने से जो जल स्त्रोत नीचे चले गये हैं वहां अधिक क्षमता का पंप स्थापित कर पेयजल आपूर्ति निर्बाध रूप से की जाय। इस अवसर पर बताया गया कि जिले में कुल 302 स्वीकृत एकल ग्राम योजनाओं में से 175 का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा 127 योजनाएं प्रगतिरत हैं। इनमें से 159 योजनाएं ग्राम पंचायतों को हस्तांरित की जा चुकी हैं। बैठक में बताया गया कि ग्रीष्मकाल में संभावित पेयजल समस्या वाले ग्रामों में मऊगंज के 14, हनुमना के 17 तथा नईगढ़ी के 13 ग्राम शामिल हैं जहां पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है। बैठक में नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम एपी द्विवेदी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद
रहे।


