
अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान:इटावा, उत्तर प्रदेश
दिनांक;09:मई:2026
जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न आपराधिक मामलों एवं लंबित वादों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध, पास्को एक्ट तथा अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में प्रभावी पैरवी और त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए लंबित मामलों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण आवश्यक है। उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा निर्दोष व्यक्तियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। साथ ही महिला एवं बच्चों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में न्यायालयों में मुकदमों की प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को सजा दिलाने पर बल दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गैंगस्टर, महिला अपराध एवं बच्चों से जुड़े मामलों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण कराया जाए। साथ ही ऑपरेशन कनविक्शन के तहत चिन्हित बड़े अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कानून के प्रति आमजन का विश्वास बनाए रखने तथा अपराधियों में भय का वातावरण स्थापित करने के लिए पुलिस और अभियोजन विभाग को समन्वय के साथ कार्य करना होगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी, सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

