प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

मऊगंज में फार्मर रजिस्ट्री के लिए 11 से 20 मई तक लगेंगे विशेष शिविर

मऊगंज में फार्मर रजिस्ट्री के लिए 11 से 20 मई तक लगेंगे विशेष शिविर

कलेक्टर ने शिविरों के आयोजन के संबंध में जारी किया आदेश

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:मऊगंज मध्य प्रदेश 

मऊगंज. मऊगंज जिले में फार्मर रजिस्ट्री सैचुरेशन की कार्यवाही को पूर्ण करने के लिए 11 मई से 20 मई तक ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर संजय कुमार जैन द्वारा आदेश जारी किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि एग्रीस्टैक पोर्टल के अनुसार जिले में फार्मर रजिस्ट्री और बकेट क्लेमिंग का कार्य अभी मात्र 26 प्रतिशत ही पूर्ण हो पाया है। जबकि ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री से लिंक भूमि के अनुपात में ही फसलों के आधार पर उर्वरक प्रदाय किया जाना है।

 

जारी आदेश में कलेक्टर ने कहा है कि किसानों की शत-प्रतिशत फार्मर रजिस्ट्री और बकेट क्लेमिंग कार्य के लिए जिले में ग्राम पंचायत स्तर पर 11 मई से 20 मई के बीच विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित शिविर से कम से कम एक दिन पूर्व किसानों को फार्मर आईडी बनवाने, छूटे खसरों को जोड़ने और आवश्यक दस्तावेज के साथ शिविर में उपस्थित होने के लिए मुनादी कराई जाएगी। इन शिविरों के माध्यम से किसानों की फार्मर आईडी बनाई जाएगी और उनके सभी खसरों को इस आईडी से लिंक किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कृषि विभाग, पंचायत सचिव और रोजगार सहायकों द्वारा किसानों के ई-टोकन बुकिंग का कार्य भी संपन्न किया जाएगा, जबकि सहकारिता विभाग द्वारा समिति स्तर पर सदस्यों की ई-टोकन बुकिंग सुनिश्चित की जाएगी।

 

कलेक्टर ने कहा है कि शिविर में आने वाले किसानों को अपने साथ आधार कार्ड, भूमि स्वामित्व प्रमाण (खसरा खतौनी), मोबाइल नंबर और समग्र आईडी लाना अनिवार्य होगा। यदि किसान की मृत्यु हो चुकी है, तो उस स्थिति में परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य वारिसों का सहमति पत्र प्रस्तुत करना होगा। शिविरों के सफल संचालन के लिए सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। संपूर्ण कार्य की प्रगति की जिम्मेदारी संबंधित तहसीलदारों की होगी, जिनका समन्वय कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि इन शिविरों की जानकारी प्रतिदिन निर्धारित प्रपत्र में उपलब्ध कराई जाए। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

 

11 मई को यहाँ लगेंगे शिविर – फार्मर रजिस्ट्री बनाने के लिए 11 मई को नईगढ़ी तहसील के उमरिया ब्यौहरियान, गेरूआरी सेगरान, जुड़मनिया एक, चिल्ल, पिपरा, खर्रा, अल्हौवा, जुड़मनिया दो, इटौरा और बहेरा कोठार में शिविर लगाए जाएंगे। इसी प्रकार मऊगंज तहसील के कधवार, धोरहा, सगरा, सीतापुर, उमरी माधव प्रसाद, डिघवार, सूजी, ऊधौपुरवा, गंज, मिसिरगवां और पिड़रिया सेंगर में फार्मर रजिस्ट्री बनाने के लिए शिविर लगाए जाएंगे। वहीं हनुमना तहसील में गाड़ा, हाटा, पांती मिसरान, बन्ना जवाहर सिंह, खटखरी, कैलाशपुर, रमनगरी, दादर, हर्रई प्रताप सिंह और वामनगढ़ में फार्मर रजिस्ट्री बनाने के लिए शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों में पटवारी, पंचायत सचिव, रोजगार सहायक तथा कृषि विस्तार अधिकारियों को किसानों की फार्मर आईडी बनाने के लिए तैनात किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button