
सभी अधिकारी दो दिन में टूर डायरी बनाकर उसके अनुसार करें दौरा – कलेक्टर
अब केवल ई आफिस से ही फाइलों का होगा मूवमेंट – कलेक्टर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कहा कि सभी अधिकारी दो दिन में टूर डायरी बनाकर प्रस्तुत करें। उसके अनुसार क्षेत्र का भ्रमण करके विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। सभी एसडीएम खण्ड स्तरीय अधिकारियों के भ्रमण की मानीटरिंग करें। जिले में मैदानी स्तर के अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्य में दक्ष हैं। उनके कार्यों की जिला स्तरीय अधिकारी सतत मानीटरिंग करके विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति कराएं। कलेक्टर ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का निराकरण कराएं। प्रकरणों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण करके जिले का सीएम हेल्पलाइन में वेटेज स्कोर 80 से अधिक करें। विभाग यदि सी और डी श्रेणी में रहेगा तो संबंधित पर कार्यवाही की जाएगी। राजस्व, ग्रामीण विकास विभाग, खाद्य विभाग, ऊर्जा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, नगरीय निकाय तथा श्रम विभाग में बड़ी संख्या में प्रकरण लंबित हैं। इनके निराकरण पर विशेष ध्यान दें। आवेदकों से स्वयं फोन से संपर्क करके प्रकरणों का निराकरण कराएं।
कलेक्टर ने कहा कि श्रम विभाग, सामाजिक न्याय, आयुष्मान कार्ड तथा सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित सीएम हेल्पलाइन के प्रत्येक प्रकरण के लिए जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी जिम्मेदार हैं। इन विभागों के प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। बिना अनुमति तथा अवैध कब्जा करके मकान बनाने की शिकायतों पर शहरी क्षेत्र में नगरीय निकाय तथा ग्रामीण क्षेत्र में ग्राम पंचायतें कार्यवाही करें। सभी अधिकारी मांग आधारित शिकायतों पर भी तत्परता से कार्यवाही करें। पेंशन अधिकारी 50 दिनों से अधिक समय से लंबित 19 प्रकरणों का निराकरण कराएं। इनमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। केवल दो घंटे मेहनत करने पर ही सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरण निराकृत हो जाएंगे।
कलेक्टर ने कहा कि जिला, तहसील और विकासखण्ड स्तर के सभी कार्यालयों में ई आफिस व्यवस्था पूरी तरह से लागू कराएं। अब केवल ई आफिस के माध्यम से ही फाइलों का मूवमेंट होगा। जानकारियाँ भेजने और पत्राचार के लिए भी ई आफिस का उपयोग करें। रीवा जिले को ई आफिस में प्रदेश में प्रथम स्थान पर हमें पहुंचाना है। कलेक्टर ने जनगणना के संबंध में निर्देश देते हुए कहा कि अभी 5 प्रगणकों ने लॉगिन नहीं किया है। इन्हें आज ही लॉगिन करा दें। मकानों के सूचीकरण से संबंधित सर्वेक्षण की जानकारी कम से कम 50 प्रतिशत दो दिवस में दर्ज कराएं। सभी चार्ज अधिकारी तथा सीएमओ जनगणना पर विशेष ध्यान दें। मकानों के सर्वे का डाटा आनलाइन फीड कराएं।
बैठक में कलेक्टर ने पेंशन प्रकरणों के निराकरण, समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जन, पेयजल व्यवस्था तथा भू अर्जन प्रकरणों के निराकरण के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम हुजूर डॉ. अनुराग तिवारी, डिप्टी कलेक्टर सुधीर बेक, डिप्टी कलेक्टर आरके सिन्हा, डिप्टी कलेक्टर सुरभि जैन, एसडीओ वन हितेन्द्र खण्डेलवाल तथा सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य एसडीएम, तहसीलदार एवं जनपद के सीईओ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
