
कृषि रथ यात्रा” के माध्यम से किसानों को मिली आधुनिक खेती एवं योजनाओं की जानकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . कृषि विभाग द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों एवं शासकीय योजनाओं से अवगत कराने के उद्देश्य से संचालित “कृषि रथ यात्रा” का भ्रमण जिले के विकासखंड गंगेव की विभिन्न ग्राम पंचायतों में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत गढ़, लॉरी एवं बाबूपुर में कृषि विभाग द्वारा कृषि रथ यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि तकनीकी एवं विभागीय योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
कृषि रथ यात्रा के दौरान मृदा स्वास्थ्य परीक्षण, नवीन कृषि तकनीक, उन्नत बीजों का उपयोग, जैविक खेती, तथा ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत ई-टोकन उर्वरक वितरण व्यवस्था की जानकारी प्रदान की गई साथ ही, पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से नरवाई प्रबंधन पर विशेष बल दिया गया। कृषि वैज्ञानिक डॉ. शेषमणि कुर्मवंशी ने किसानों को चर्चा करते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए संतुलित उर्वरक उपयोग और नियमित मृदा परीक्षण अनिवार्य है। प्राकृतिक खेती को अपनाकर किसान न केवल लागत कम कर सकते हैं, बल्कि उपभोक्ताओं को रसायन मुक्त उत्पाद भी उपलब्ध करा सकते हैं। भ्रमण के दौरान विभाग द्वारा सफल कृषकों से संपर्क किया गया। ग्राम गढ़ के कृषक चक्रधर सिंह ने अपनी सफलता की बात साझा करते हुए बताया कि उन्होंने ताइवान गेहूं की विशेष किस्म का उपयोग किया। मात्र 5 किलोग्राम बीज की बुवाई से 12.5 क्विंटल की रिकॉर्ड उपज प्राप्त की। कृषक द्वारा अब इस उन्नत बीज का विस्तार अन्य क्षेत्रों में भी किया जा रहा है, जो क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा का विषय बना हुआ है। कार्यक्रम के दौरान कृषि अधिकारियों ने उपस्थित किसानों की समस्याओं को गंभीरता सुनते हुए उनका समाधान किया और तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। कृषि रथ में स्थापित ऑडियो-विजुअल सिस्टम के माध्यम से शासन की विभिन्न हितैषी योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में प्रसारित की गई। इस अवसर पर शिव शरण सरल, आदर्श पाण्डेय, युगल किशोर प्रधान सहित ग्राम पंचायत गढ़ एवं बाबूपुर के प्रगतिशील किसान बड़ी संख्या में उपस्थित
रहे।

