इटावाउत्तर प्रदेश

ऊर्जा राज्यमंत्री ने विद्युत व्यवस्था में सुधार एवं उपभोक्ता समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

ऊर्जा राज्यमंत्री ने विद्युत व्यवस्था में सुधार एवं उपभोक्ता समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा :  ऊर्जा राज्यमंत्री, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा श्रोत उ0प्र0, श्री कैलाश सिंह राजपूत जी की अध्यक्षता में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई।

बैठक में विभागीय योजनाओं, विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफार्मर प्रतिस्थापन, उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण एवं प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में संबंधित अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि विभाग को प्राप्त 71 लाख रुपये की धनराशि में से 56 लाख रुपये के कार्य पूर्ण कराए जा चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि गत वर्ष 211 तथा वर्तमान वर्ष में 183 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जो पिछले वर्ष की तुलना में कम हैं। साथ ही बताया गया कि शहरों में 24 घंटे तथा ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है तथा शहरों में 24 घंटे एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 48 घंटे के भीतर क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों को बदले जाने की व्यवस्था है।

मंत्री जी ने निर्देशित किया कि ओवरलोडिंग की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा आवश्यकता अनुसार विद्युत भार बढ़ाकर उपकेंद्रों पर दबाव कम किया जाए। उन्होंने सभी ओवरलोड उपकेंद्रों की समीक्षा कर उन्हें शीघ्र दुरुस्त करने तथा बार-बार क्षतिग्रस्त होने वाले ट्रांसफार्मरों के कारणों का विश्लेषण कर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर जलने की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए अधिकारियों को सक्रिय एवं उत्तरदायी भूमिका निभानी होगी।

मंत्री जी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए ताकि पात्र उपभोक्ता इसका लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्युत कटौती एवं रोस्टिंग संबंधी सूचनाएं सोशल मीडिया माध्यमों से जनप्रतिनिधियों एवं आमजन तक समयबद्ध रूप से पहुंचाई जाएं।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को 1912 हेल्पलाइन, ट्विटर हैंडल एवं व्हाट्सएप आदि माध्यमों से सूचनाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पर मा० मंत्री जी ने निर्देश दिए कि शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा उपभोक्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए।

किसानों की समस्याओं के संबंध में मा० मंत्री जी ने कहा कि ट्यूबवेल विद्युत कनेक्शन हेतु किसानों को विभिन्न कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई किसान बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने को विवश पाया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मा० मंत्री जी ने सभी एसडीओ को निर्देशित किया कि ऐसे लाइनमैनों की सूची तैयार कर जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई जाए जो उपभोक्ताओं से अनुचित व्यवहार करते हों, शिकायतों का समाधान न करते हों अथवा किसी प्रकार की अवैध धनराशि की मांग करते हों। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मियों के विरुद्ध संबंधित कार्यदायी संस्था के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही उन्होंने विजिलेंस थाने की कार्यप्रणाली में सुधार लाने एवं आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समीक्षा बैठक के निर्णयों का प्रभाव तत्काल विद्युत व्यवस्था में दिखाई देना चाहिए।

बैठक में सदर विधायक मा० श्रीमती सरिता भदौरिया जी ने कहा कि विद्युत चोरी करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध ही कार्रवाई की जाए तथा अन्य उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। उन्होंने लाइनमैनों द्वारा उपभोक्ताओं से धनराशि लेने एवं कार्य न करने की शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान देने तथा ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि ग्राम कचपुरा में लाइन मैन विजय एवं अनार सिंह द्वारा कार्य कराने हेतु 5000 रुपए की अवैध धनराशि ली गई और कार्य भी नहीं कराया गया।

मा० विधायक जी ने निर्देश दिए कि लाइनमैनों के संबंध में प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच के उपरांत ही किसी का नाम सूची में सम्मिलित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार का पक्षपात पाया गया तो संबंधित एसडीओ के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।

मा० विधायक जी ने नगला खूबी एवं इकदिल क्षेत्र में पिछले कई दिनों से खराब पड़े ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलवाने तथा आदर्श कॉलोनी एवं कचपुरा क्षेत्र की विद्युत समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं द्वारा प्राप्त शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में यथाशीघ्र समस्या का निराकरण कर सप्लाई बहाल की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय फोन कॉल पर प्राप्त शिकायतों का विनम्रतापूर्वक समाधान किया जाए तथा ट्रांसफार्मरों को ओवरलोडिंग से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि एक किलोवाट अथवा उससे कम भार वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध किसी प्रकार की कार्रवाई न की जाए।

उक्त बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष बी0जे0पी0 अन्नू गुप्ता, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, अधीक्षण अभियंता ऋषभ देव, अधिशासी अभियंता विद्युत (I) हनुमान प्रसाद, अधिशासी अभियंता विद्युत (II) धर्मेन्द्र सोनी, विद्युत वितरण खण्ड सैफई कृष्ण कुमार, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा प्रिया शर्मा सहित विद्युत विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button