
प्रोजेक्ट नई किरण के तहत सात परिवारों का हुआ पुनर्मिलन
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया,। पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशानुसार महिला थाना ककोर में शनिवार को महिला थाना प्रभारी की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट नई किरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 45 प्रकरणों पर सुनवाई की गई।
काउंसलिंग के दौरान सात ऐसे परिवारों को समझाइश देकर पुनः एक साथ रहने के लिए राजी किया गया, जो आपसी वैचारिक मतभेदों के कारण लंबे समय से अलग रह रहे थे। पारिवारिक कलह और मनमुटाव के चलते ये परिवार टूटने की कगार पर पहुंच गए थे।
महिला थाना पुलिस एवं प्रोजेक्ट नई किरण की टीम ने पति-पत्नी के बीच संवाद स्थापित कर मतभेद दूर कराने का प्रयास किया, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। सभी सात दंपतियों ने आपसी सहमति से साथ रहने का निर्णय लिया, जिसके बाद उन्हें खुशी-खुशी उनके परिवारों के साथ विदा किया गया।
पुलिस विभाग द्वारा संचालित प्रोजेक्ट नई किरण के माध्यम से बिखरते परिवारों को जोड़ने और पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट नई किरण के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।


