
सूरजपुर हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । थाना बिधूना, स्वाट एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में ग्राम सूरजपुर में हुई वृद्ध महिला की हत्या का सफल अनावरण करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, मृतका के आभूषण, नकदी तथा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार ग्राम सूरजपुर निवासी 65 वर्षीय संतोष कुमारी का शव 27 मई को उनके बंद मकान में मिला था। मृतका के पुत्र जैनेन्द्र कुमार की तहरीर पर थाना बिधूना में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया था।
जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने शनिवार तड़के कमलपुर नहर पट्टी से आरोपी टीटू उर्फ आशीष द्विवेदी निवासी सूरजपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 25 मई को अपनी बुआ संतोष कुमारी के घर गया था। बातचीत के दौरान विवाद हो गया और मृतका द्वारा थप्पड़ मारने पर वह आक्रोशित हो गया। शराब के नशे में उसने चाकू से कई वार कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने मृतका के कानों के कुंडल और पायल उतार लिए तथा घटना स्थल से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू, आभूषण, 2400 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए हैं।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।



