
एक वर्ष से अधिक लंबित अपहरण मामलों के निस्तारण को लेकर एसपी औरैया सख्त, चलाया जा रहा विशेष अभियान
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। पुलिस अधीक्षक औरैया द्वारा अपहरण/व्यपहरण से संबंधित एक वर्ष से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के लिए 23 मई 2026 से 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लंबित अभियोगों की समीक्षा हेतु पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में विवेचकों के साथ गोष्ठी आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए विवेचकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी के दौरान अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, महिला संबंधी अपराधों में प्रभावी कार्रवाई, लंबित विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा जनशिकायतों के समयबद्ध समाधान की समीक्षा की गई। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने, यातायात व्यवस्था में सुधार, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अन्य महत्वपूर्ण एजेंडा बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अभियान के दौरान सभी मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी।


