
इटावा में निवर्तमान प्रधान बनाए गए प्रशासक, चार ग्राम पंचायतों में एडीओ पंचायत को मिली जिम्मेदारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
इटावा, 03 जून। जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल ने शासन के निर्देशों के अनुपालन में बताया कि ग्राम पंचायतों के सामान्य निर्वाचन 2026 के बाद नई ग्राम पंचायतों के गठन तक अथवा अधिकतम छह माह की अवधि के लिए निवर्तमान ग्राम प्रधानों को ग्राम पंचायतों में प्रशासक के रूप में नामित किया गया है।
उन्होंने बताया कि 27 मई 2026 से प्रशासक केवल सामान्य एवं नियमित कार्यों का संचालन करेंगे तथा कोई भी नीतिगत निर्णय बिना जिलाधिकारी की स्वीकृति के नहीं लिया जाएगा। नए विकास कार्य शुरू करने से पूर्व भी संबंधित प्रशासक को जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी से अनुमति लेनी होगी।
जिन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद रिक्त है अथवा पूर्व से प्रशासनिक समिति गठित है, वहां सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को प्रशासक नियुक्त किया गया है। इसके तहत विकास खंड बढ़पुरा की ग्राम पंचायत आलमपुर हौज और खेड़ा अजब सिंह के लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) अशोक कुमार को प्रशासक नामित किया गया है।
विकास खंड बसरेहर की ग्राम पंचायत दुगावली में प्रशांत कुमार पोरवाल, विकास खंड ताखा की ग्राम पंचायत नगरिया खनाबांध में भगवान दास तथा विकास खंड महेवा की ग्राम पंचायत नवादाखुर्द कला में इन्द्रपाल सिंह भदौरिया को प्रशासक नियुक्त किया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।


