कमिश्नर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से दिए आपदा प्रबंधन के निर्देश
बाणसागर बांध के डूब प्रभावित क्षेत्रों को 15 जून तक खाली कराएं – कमिश्नर
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद ने बाणसागर बांध से डूब प्रभावित क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन की समीक्षा की। कमिश्नर ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि 15 जून तक सभी जिलों में बाढ़ और अतिवृष्टि से बचाव के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर दें। बाणसागर बांध के डूब क्षेत्र को 15 जून तक खाली करा लें। गर्मियों में कच्चे मकान और झोपड़ी बनाकर यदि कोई निवास कर रहा है तो उसे एसडीएम सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाएं। लगातार वर्षा होने पर बांध के जल स्तर की हर घंटे सूचना जारी करें। बांध से पानी छोड़ने से कम से कम 24 घंटे पहले निचले क्षेत्र के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सूचना अवश्य दें। जल संसाधन विभाग के अधिकारी मैहर, सतना, कटनी, शहडोल, सीधी तथा सिंगरौली जिलों में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को बाढ़ प्रबंधन के संबंध में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दें। इसके लिए बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप में इन जिलों के संबंधित अधिकारियों के नम्बर शामिल कराएं।
कमिश्नर ने कहा कि जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, बिजली विभाग, पीएचई, पशुपालन विभाग, खाद्य विभाग तथा पुलिस विभाग के कर्मचारी सतत संपर्क में रहें। इन विभागों के आपदा प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों के नम्बर कंट्रोल रूम में उपलब्ध कराएं। वर्षा तथा बाढ़ के संबंध में सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं एक-दूसरे को समन्वय से प्रदान करें। किसी भी तरह की आपात स्थिति आने पर सब मिलकर कार्य करें। बाढ़ की स्थिति में प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित रखने के लिए राहत शिविरों का स्थल निर्धारित कर लें। राहत शिविरों में भोजन, पानी, प्रकाश, बिजली तथा उपचार की समुचित व्यवस्था कर लें। बाढ़ प्रभावित प्रत्येक गांव में कुशल तैराकों तथा गोताखोरों के नाम और नम्बर प्राप्त करके कंट्रोल रूम में रखें। व्हाट्सएप ग्रुप में भी इनके नम्बर उपलब्ध करा दें।
कमिश्नर ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में जलमग्न होने वाले पुलों पर साइन बोर्ड और बैरियर तत्काल लगवा दें। इनमें लोक निर्माण विभाग तथा स्थानीय निकाय के कर्मचारी तैनात करें। सभी वाटरफॉल में भी सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध करें। कमिश्नर ने मार्कण्डेय घाट, सरसी आईलैण्ड तथा अन्य स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यपालन यंत्री बाणसागर बांध एसके शर्मा ने बताया कि जल भराव क्षेत्र में आठ स्थानों पर वर्षा तथा नदी के जल स्तर की जानकारी के लिए टीम तैनात रहती है। बाणसागर की टीम सभी जिलों के कंट्रोल रूम से सतत संपर्क में रहती है। बैठक में डीआईजी हेमंत चौहान, संभागीय कमाण्डेंट एमएस पंद्रो, मुख्य अभियंता ऊर्जा प्रमा पाण्डेय, संयुक्त आयुक्त दिव्या त्रिपाठी, संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, अधीक्षण यंत्री पीएचई महेन्द्र सिंह तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभाग के सभी जिलों तथा कटनी, उमरिया और शहडोल जिलों के कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक बैठक में शामिल हुए।



