
औरैया पुलिस की डिजिटल पहल: Auraiya FIR Monitoring Portal v1.0 लॉन्च
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान :औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। जनपद औरैया पुलिस ने विवेचनाओं की निगरानी को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए Auraiya FIR Monitoring Portal v1.0 का शुभारंभ किया। पोर्टल का उद्घाटन अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर हरीश चन्दर द्वारा किया गया।
यह पोर्टल औरैया पुलिस की एक अभिनव डिजिटल पहल है, जिसका उद्देश्य 60 एवं 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं की समयबद्ध निगरानी तथा प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करना है। पोर्टल के माध्यम से अब मैनुअल रजिस्टरों और कागजी रिपोर्टिंग के स्थान पर रियल-टाइम डैशबोर्ड का उपयोग किया जाएगा।
पोर्टल में थाना प्रभारी (SHO), क्षेत्राधिकारी (CO), अपर पुलिस अधीक्षक (Additional SP) तथा पुलिस अधीक्षक (SP) स्तर पर लंबित, आगामी 10 दिनों में पूर्ण होने वाले तथा समय-सीमा पार (Expired) मामलों की त्वरित ट्रैकिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इसकी एक विशेषता Telegram आधारित स्वचालित अलर्ट सिस्टम भी है, जो संबंधित अधिकारियों को समय पर आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराएगा। इस डिजिटल व्यवस्था से पुलिस विवेचनाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही, गुणवत्ता एवं समयबद्धता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने इसे जनपद में स्मार्ट पुलिसिंग और तकनीक आधारित पुलिस प्रशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।



