
एडीजी व डीआईजी ने किया कोतवाली औरैया का निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया। जनपद भ्रमण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर हरीश चन्दर ने थाना कोतवाली औरैया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, अभिलेखों के रख-रखाव तथा परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का गहन अवलोकन कर आवश्यक समीक्षा की। उन्होंने थाना स्तर पर संचालित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर लंबित प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण, प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनशिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशील समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रिक्रूट आरक्षियों से भी संवाद स्थापित किया तथा उन्हें पुलिस सेवा की गरिमा, अनुशासन, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।



