
उद्यान विभाग के परिसर में रोपे गए पौधे
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा :. विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उद्यान कार्यालय परिसर में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना और स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में जनभागीदारी को सुनिश्चित करना था। कार्यालय परिसर में प्रकृति को समृद्ध करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों के फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया। इनमें प्रमुख रूप से आम, अमरूद, पीपल और बरगद जैसे दीर्घायु व उपयोगी पौधों को रोपा गया। इस अवसर पर सहायक संचालक उद्यान श्रीमती दीक्षा चौरे ने उपस्थित समस्त मैदानी अमले और विभिन्न नर्सरियों के अधिकारियों व कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का औपचारिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और पर्यावरण को सहेजने के प्रति हमारी निरंतर चलने वाली जिम्मेदारी है। वृक्ष न केवल पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन और प्रदूषण नियंत्रण में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वृक्षारोपण के साथ-साथ कार्यालय परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में सघन स्वच्छता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यालय के स्टाफ सहित समस्त विकासखंडों एवं शासकीय रोपणियों (नर्सरी) के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।


