
इटावा में 11 केंद्रों पर 25,632 अभ्यर्थी देंगे पुलिस भर्ती परीक्षा
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सोमवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जनता इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय गर्ल्स इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, केकेडीसी डिग्री कॉलेज, डॉ. भीमराव अंबेडकर कृषि एवं प्रौद्योगिकी महाविद्यालय तथा पंचायत राज राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय सहित अन्य केंद्रों पर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
जनपद में कुल 11 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों में लगभग 25,632 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की चेकिंग, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश-निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को परीक्षा को नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी और एसएसपी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


