
विश्व योग दिवस से जुड़े कार्यक्रम लगातार हो रहे हैं आयोजित
तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए योगाभ्यास है अचूक उपाय
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा: रीवा संभाग के सभी जिलों में 21 जून को विश्व योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के लिए संभाग के सभी जिलों में योग दिवस से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इस संबंध में संभागीय आयुष अधिकारी डॉ. शिवराम साकेत ने बताया कि 11 जून को संभाग के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रात: काल सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 1152 व्यक्तियों ने स्वेच्छा से भागीदारी निभाई। इनमें रीवा जिले में 460, सतना जिले में 438, सीधी जिले में 191 तथा सिंगरौली जिले में 63 व्यक्ति योगाभ्यास में शामिल हुए। योग मित्रों द्वारा भी लोगों को योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सभी आयुष अस्पतालों, आंगनवाड़ी केन्द्रों तथा स्कूलों में सामूहिक योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विश्व योग दिवस कार्यक्रम में अपनी भागीदारी निभाने के लिए आयुष मंत्रालय भारत सरकार की वेबसाइट योगा डॉट आयुष डॉट जीओभी डॉट इन/योगा डॉट संगम में सभी शासकीय और निजी संस्थाएं पंजीयन करा सकती हैं। इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए टोलफ्री नम्बर 18003157008 पर मिसकॉल देकर भी आयुष विभाग की लिंक प्राप्त की जा सकती है। तन और मन को स्वस्थ रखने के लिए नियमित योगाभ्यास सबसे अचूक उपाय है। इससे हम कई रोगों से अपना बचाव कर सकते हैं। विश्व योग दिवस पर सुबह 7 बजे से 7.45 बजे तक निर्धारित प्रोटोकाल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा।
