
खेत बचाओ अभियान में किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग एवं प्राकृतिक खेती अपनाने का दिया गया संदेश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा :जिले के सिरमौर विकासखंड अन्तर्गत बीरखाम गांव में कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना के संयुक्त तत्वाधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप संचालक कृषि यू.पी. बागरी ने बताया कि खेत बचाओ अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को ई-विकास प्रणाली से संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, जल संरक्षण तथा कृषि एवं उद्यानिकी फसलों में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करना है। किसानों को मृदा परीक्षण के महत्व, जैविक एवं प्राकृतिक कृषि तकनीकों, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा फसल अवशेष प्रबंधन संबंधी जानकारी इस दौरान की गई। किसानों को बताया कि स्वस्थ मिट्टी ही टिकाऊ कृषि एवं बेहतर उत्पादन का आधार है। मृदा स्वास्थ्य में सुधार कर खेती की लागत कम की जा सकती है तथा पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने प्राकृतिक खेती एवं मृदा संरक्षण संबंधी तकनीकों को अपनाने का संकल्प लिया। कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना ने किसानों से अपील की है कि वे खेत बचाओ अभियान से जुड़कर स्वस्थ मिट्टी, स्वस्थ फसल एवं समृद्ध किसान के लक्ष्य को साकार करने में अपना योगदान दें। कार्यक्रम में श्रीमती स्मिता मिश्रा,एटीएम श्रीमती आभा गौर, अंजना त्रिपाठी,कृष्ण कुमार कुशवाहा, श्रीमती नीतू सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।



