
भाजपा विधायक पर टिप्पणी से विवाद, दलित पैंथर ने लगाया एकतरफा कार्रवाई का आरोप
रिपोर्ट :विशाल समाचार संवाददाता
स्थान:लखीमपुर खीरी, उत्तर प्रदेश
लखीमपुर खीरी। पलिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रोमी साहनी के खिलाफ दलित पैंथर संगठन के संयोजक एवं अध्यक्ष मनोज कुमार भारती का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। वीडियो में विधायक के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर चर्चा तेज है। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
दलित पैंथर संगठन का आरोप है कि अंबेडकर प्रतिमा विवाद के मामले में पुलिस और प्रशासन एकतरफा कार्रवाई कर रहा है तथा निर्दोष दलितों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है। इसी के विरोध में संगठन ने 15 जून को प्रदर्शन की घोषणा की है।
गौरतलब है कि 14 अप्रैल को मैलानी थाना क्षेत्र के मोतीपुर बाबूपुर गांव में अंबेडकर प्रतिमा स्थापना को लेकर विवाद हुआ था। प्रदर्शन के दौरान पथराव और आगजनी की घटनाएं हुई थीं, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने लगभग 200 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था और अब तक 38 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।
विधायक रोमी साहनी ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कुछ लोगों द्वारा की गई शिकायतों के आधार पर उन्होंने केवल जांच कराने का आश्वासन दिया था। वहीं, वायरल वीडियो को लेकर पुलिस और प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।



