
जिलाधिकारी ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों का लिया जायजा
450 जोड़े बनेंगे एक-दूसरे के जीवनसाथी, व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के दिए निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने ककोर स्थित तिरंगा मैदान में दिनांक 28 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से संबंधित सभी अवशेष कार्य समय से पूर्ण कर लिए जाएं, जिससे सामूहिक विवाह कार्यक्रम भव्यता, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता, पेयजलापूर्ति, अस्थाई शौचालय, पानी के छिड़काव तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार सफाई कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए, ताकि आयोजन के दौरान कहीं भी गंदगी न दिखाई दे और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को कार्य में तेजी लाते हुए सभी व्यवस्थाएं तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियों की निरंतर निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित करें कि कार्यक्रम के आयोजन में किसी प्रकार की कमी न रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में कुल 450 जोड़े विवाह बंधन में बंधकर एक-दूसरे के जीवनसाथी बनेंगे। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक नीरज प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग अमर सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



