
जनसुनवाई में आमजनता के 600 आवेदनों में की गई सुनवाई
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित जनसुनवाई में आमजनता के 600 आवेदन पत्रों में सुनवाई की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर राकेश चौरसिया, डिप्टी कलेक्टर आरके सिन्हा तथा अन्य अधिकारियों ने आवेदनों में सुनवाई की। जनसुनवाई में हेतलाल निवासी ग्राम डभौरा ने खसरे में सुधार के लिए आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार डभौरा को सात दिन में आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। सियादुलारी निवासी डभौरा ने धारणाधिकार के तहत भूमि आवंटन के लिए आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार को प्रकरण में कार्यवाही के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में मिथिलेश सिंह निवासी तेदुआ कोठार ने 2016 में नहर निर्माण के लिए अधिग्रहीत जमीन का मुआवजा देने के लिए आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने एसडीएम त्योंथर को आवेदन में समुचित कार्यवाही के निर्देश दिए। अनंत सिंह निवासी गुढ़ ने नक्शा तरमीम तथा दयामन सिंह निवासी खुझ ने जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए आवेदन पत्र दिया। अपर कलेक्टर ने संबंधित तहसीलदारों को प्रकरण में तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए। राजेश कुमार मिश्र निवासी ग्राम कठेरी ने सत्य सांई स्वसहायता समूह में की जा रही वित्तीय अनियमितता की जाँच के लिए आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को प्रकरण में कार्यवाही के निर्देश दिए। नसीबुन्ननिशा निवासी रीवा ने जमीन के जमीन से अवैध कब्जा हटाने के लिए आवेदन दिया। अपर कलेक्टर ने एसडीएम हुजूर को प्रकरण में कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मजदूरी भुगतान, उपचार सहायता, आयुष्मान कार्ड तथा राजस्व प्रकरणों से जुड़े आवेदनों की सुनवाई की गई। जनसुनवाई में सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


