
जिला उद्योग केन्द्र, सीतामढ़ी के सभागार में जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी की अध्यक्षता में उद्योग संवाद का आयोजन किया गया।
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी: उद्योग संवाद का उद्देश्य जिले में औद्योगिक विकास को गति देना, स्थानीय उद्यमियों की समस्याओं को सुनना तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न औद्योगिक योजनाओं की जानकारी प्रदान करना है। उद्योग संवाद के दौरान जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी द्वारा उद्यमियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनके द्वारा उठाए गए सुझावों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित विभागों को समन्वयात्मक कार्य करने का निर्देश दिया गया। साथ ही ऋण संबंधी समस्याओं में बैंक के पदाधिकारियों को समय पर ऋण वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि सीतामढ़ी जिलान्तर्गत जल्द ही नए औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही अनेक परियोजनाओं, विशेषकर पुनौरा धाम परियोजना एवं सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा रही है, जिससे औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उनके द्वारा बताया गया कि जिले में फल एवं सब्जियों का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है, जिससे संबंधित उद्योग लगाने पर बल दिया गया।
उद्योग संवाद में उद्यमियों द्वारा ऋण संबंधी कठिनाइयों से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया गया। इस संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग) को निर्देश दिया गया कि उद्यमियों के आवेदनों के आधार पर प्रत्येक बैंक से वार्ता कर ऋण संबंधी कठिनाइयों को दूर किया जाए। साथ ही अग्रणी जिला प्रबंधक को निर्देश दिया गया कि समयानुसार ऋण वितरण एवं लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित की जाए।
महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र, सीतामढ़ी को निर्देश दिया गया कि सभी आवेदकों की सूची बनाकर उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन उद्योगों के अनुकूल वातावरण सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ सकें।
बैठक में औद्योगिक निवेश, रोजगार, ऋण सुविधा, प्रशिक्षण, भूमि उपलब्धता, आधारभूत संरचना तथा विभागीय समन्वय से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उद्योग से संबंधित सभी विभागों को समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया।
उद्योग संवाद में वरीय उप समाहर्ता (बैंकिंग), जिला उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, डीपीएम जीविका, क्षेत्रीय प्रबंधक बियाडा, जिला उद्योग केन्द्र के पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एवं जिले के उद्यमीगण उपस्थित थे।



