
भूतही महावीरी झंडा को लेकर शांति समिति की बैठक, पुलिस ने सौहार्द बनाए रखने की अपील की
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी: आगामी 1 और 2 नवंबर को आयोजित होने वाले भूतही महावीरी झंडा महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को आदर्श मध्य विद्यालय, भूतही बाजार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 ने की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों के साथ पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर चर्चा की गई। पुलिस-प्रशासन ने सभी से आपसी भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की।
पुलिस ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने से बचने का आग्रह किया। साथ ही, किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की जानकारी तत्काल डायल-112 अथवा स्थानीय थाने को देने की अपील की गई।
बैठक में पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मी भी उपस्थित रहे।
सीतामढ़ी पुलिस ने स्पष्ट किया कि महावीरी झंडा महोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन प्रतिबद्ध है।



