
जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडे के निर्देश के आलोक में जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। 31 जांच पदाधिकारियों द्वारा जिले के 149 आंगनबाड़ी केंद्रों का प्राप्त निरीक्षण प्रतिवेदन के अनुसार अधिकांश आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन सामान्य एवं संतोषजनक पाया गया। हालांकि, तीन परियोजनाओं के अंतर्गत कुछ केंद्रों में अनियमितताएं भी सामने आई हैं, जिन पर संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान रीगा प्रखंड की पकड़ी दक्षिणी पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-120 में बच्चों को निर्धारित मात्रा से कम नाश्ता दिए जाने की शिकायत दर्ज की गई। वहीं, बथनाहा प्रखंड के महुवा पंचायत स्थित केंद्र संख्या-07 निरीक्षण के समय बंद पाया गया।
इसके अतिरिक्त, बैरगनिया प्रखंड की पचटकी राम पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-02 में साफ-सफाई की स्थिति, उपस्थिति पंजी तथा अन्य अभिलेखों के संधारण को संतोषजनक नहीं पाया गया। साथ ही, वहां टीएचआर (टेक होम राशन) वितरण एवं उपलब्धता की स्थिति भी अपेक्षित मानकों के अनुरूप नहीं थी।
प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर डीपीओ आईसीडीएस को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।



