पूणेप्रशासनमहाराष्ट्र

भारी बारिश से बोपोडी जलमग्न, उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने संभाला मोर्चा

भारी बारिश से बोपोडी जलमग्न, उपमहापौर परशुराम वाडेकर ने संभाला मोर्चा

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:पुणे महाराष्ट्र 

पुणे, । पिछले दो दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश के कारण पुणे के बोपोडी क्षेत्र में मुळा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे नदी किनारे की कई बस्तियां जलमग्न हो गईं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उपमहापौर परशुराम वाडेकर स्वयं घुटनों तक पानी में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लेने पहुंचे और नागरिकों से मुलाकात की।

 

उपमहापौर वाडेकर ने आरोप लगाया कि नदी सुधार परियोजना के अधिकारियों की लापरवाही के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है। उनका कहना है कि नदी पर नए पुलों के निर्माण के दौरान बनाए गए अस्थायी पुलों के ढांचे अब भी नदी में पड़े हैं, जिससे पानी के बहाव में बाधा उत्पन्न हो रही है। इस संबंध में पहले भी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया था और नगर निगम की बैठक में मामला उठाया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

 

बारिश के कारण आदर्श नगर, कोटकर लेन, मंत्री रिवेरा, गोयल-शिंदे पार्क, बोपोडी श्मशान घाट, मुस्लिम कब्रिस्तान क्षेत्र, चिखलवाड़ी और पड़ाल कॉलोनी सहित कई इलाकों में पानी भर गया। कई घरों में पानी घुसने से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।

 

स्थिति का जायजा लेने के दौरान पूर्व उपमहापौर सुनीता वाडेकर, आनंद छाजेड, नगरसेविका सपना छाजेड, अविनाश कदम, आप्पासाहेब वाडेकर, पुणे महानगरपालिका के उप आयुक्त अविनाश सपकाळ तथा सहायक आयुक्त विजय नायकल भी मौजूद रहे। अधिकारियों को राहत कार्य, जल निकासी, सफाई और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

उपमहापौर ने बताया कि पूरे मामले की जानकारी नगर आयुक्त नवल किशोर राम को दे दी गई है। आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में मंगलवार को बैठक बुलाने का निर्णय लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button