
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित इटावा दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्थाओं का डीआईजी व एसएसपी ने लिया जायजा
नुमाइश पंडाल और पुलिस लाइन हेलीपैड का संयुक्त निरीक्षण, अधिकारियों को सुरक्षा व व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित इटावा दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) यमुना प्रसाद एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने नुमाइश पंडाल और रिजर्व पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान मंच और सभा स्थल, वीआईपी आगमन-प्रस्थान मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात प्रबंधन, आमजन के प्रवेश एवं निकास मार्ग, आपातकालीन निकासी, अग्निशमन, चिकित्सा सहायता और विद्युत व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया। पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर भी वीवीआईपी सुरक्षा, रूट प्लान और ड्यूटी प्वाइंट का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
डीआईजी यमुना प्रसाद ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं निर्धारित समय में उच्च मानकों के अनुरूप पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
इटावा पुलिस ने कहा है कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को पूर्ण सुरक्षा, शांति और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।


