होप कार्यक्रम से दो वार्डों के बुजुर्गों को घर पहुँचकर उपलब्ध कराई गईं स्वास्थ्य सेवाएँ
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (मध्य प्रदेश) एवं जिला स्वास्थ्य समिति, रीवा के संयुक्त तत्वावधान में आज ‘होप कार्यक्रम’ के अंतर्गत विशेष घर भ्रमण अभियान का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने रीवा शहर के वार्ड क्रमांक 17 एवं वार्ड क्रमांक 10 का दौरा कर 70 वर्ष से अधिक आयु के बिस्तरग्रस्त हितग्राहियों के घर-घर जाकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ मुहैया कराईं। अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की टीम ने घर-घर जाकर बुजुर्गों की बीपी, शुगर एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य जाँचें कीं, साथ ही उन्हें निःशुल्क दवाइयाँ एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुधाकर पाण्डेय के द्वारा बताया कि ‘होप कार्यक्रम’ का मुख्य उद्देश्य उन वरिष्ठ नागरिकों और गंभीर रूप से बीमार या बिस्तरग्रस्त बुजुर्गों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना है, जो अस्पतालों तक पहुँचने में असमर्थ हैं। इस पहल से न केवल बुजुर्गों को घर बैठे समय पर उपचार मिल पा रहा है, बल्कि समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और समर्पण की भावना भी सुदृढ़ हो रही है। स्वास्थ्य विभाग की इस संवेदनशील पहल की स्थानीय नागरिकों और लाभार्थियों के परिजनों द्वारा सराहना की गई।

