
इटावा पुलिस लाइन में वामा सारथी के तहत वेलनेस मेडिकल कैंप, पुलिसकर्मियों व परिवारों को मिली निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) की अध्यक्षा श्रीमती रीना श्रीवास्तव के निर्देशन में रविवार, 2 अगस्त 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन इटावा में एक दिवसीय होम्योपैथी मेडिकल कैंप, एलोपैथिक मेडिकल कैंप एवं वामा वेलनेस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
शिविर का आयोजन पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन टीम, इटावा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, प्रभारी वामा सारथी तथा आयुष विभाग उत्तर प्रदेश के सहयोग से किया गया। इसमें बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों ने भाग लेकर निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में अनुभवी होम्योपैथिक चिकित्सकों और विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक एलोपैथिक और होम्योपैथिक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया। इस दौरान सर्दी-खांसी, जोड़ों के दर्द, त्वचा रोग, पाचन संबंधी समस्याओं तथा तनावजनित विकारों की जांच एवं उपचार पर विशेष ध्यान दिया गया।
इसके अलावा शुगर, ब्लड प्रेशर सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच भी की गई। जरूरतमंदों को आई ड्रॉप, जलने, कटने और अन्य सामान्य बीमारियों से संबंधित दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों की कठिन ड्यूटी और अनियमित जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए उन्हें स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। आयोजकों ने कहा कि वामा सारथी संगठन भविष्य में भी पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन टीम, इटावा एवं चिकित्सकों के सहयोग से आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर पुलिस परिवारों के लिए लाभदायक साबित हुआ और स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।



