इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बहकावे में घर छोड़ निकली महिला, इटावा पुलिस ने 2 वर्षीय बच्चे समेत सकुशल परिजनों से मिलाया

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बहकावे में घर छोड़ निकली महिला, इटावा पुलिस ने 2 वर्षीय बच्चे समेत सकुशल परिजनों से मिलाया

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश

इटावा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे “मिशन शक्ति” अभियान के तहत थाना जसवंतनगर की मिशन शक्ति टीम ने एक महिला और उसके लगभग दो वर्षीय बच्चे को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। साथ ही मामले में संभावित साइबर ठगी को लेकर आवश्यक जागरूकता भी दी गई।

 

पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति टीम क्षेत्र में महिला सुरक्षा संबंधी चेकिंग एवं भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान एक महिला अपने लगभग दो वर्षीय बच्चे के साथ सड़क किनारे घूमती हुई मिली। सुरक्षित वातावरण में पूछताछ करने पर महिला ने बताया कि वह जनपद मैनपुरी के थाना किशनी क्षेत्र की रहने वाली है और उसकी पहचान इंस्टाग्राम पर एक अज्ञात व्यक्ति से हुई थी। उस व्यक्ति ने उसे विभिन्न प्रलोभन देकर घर से बाहर बुलाया, जिसके बहकावे में आकर वह अपने बच्चे के साथ घर छोड़कर निकल आई।

 

महिला द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर मिशन शक्ति टीम ने उसके पति से संपर्क किया। पति ने बताया कि पत्नी और बच्चे के घर से लापता होने के संबंध में थाना किशनी में गुमशुदगी की सूचना दी जा चुकी है। उसने यह भी बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर पत्नी के अपहरण का दावा करते हुए उसे छुड़ाने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की थी।

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसे संभावित साइबर ठगी का मामला मानते हुए महिला और उसके पति को सोशल मीडिया पर अज्ञात लोगों के झांसे में न आने, किसी भी अनजान व्यक्ति को धनराशि न भेजने तथा ऑनलाइन संपर्क के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी।

 

इसके बाद मिशन शक्ति टीम ने महिला और उसके लगभग दो वर्षीय बच्चे को सुरक्षित उनकी जेठानी मीरा देवी, निवासी यादव नगर, जसवंतनगर (इटावा) के सुपुर्द कर आवश्यक पुलिस सहायता उपलब्ध कराई।

 

इटावा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अपरिचित व्यक्तियों से संपर्क करते समय विशेष सावधानी बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button