मध्य प्रदेशरीवाशिक्षा

विद्यार्थी जीवन का लक्ष्य तय कर उसे पाने के लिए प्रतिबद्धता से प्रयास करें – कमिश्नर 

विद्यार्थी जीवन का लक्ष्य तय कर उसे पाने के लिए प्रतिबद्धता से प्रयास करें – कमिश्नर 

शिक्षक स्कूल में प्रार्थना के बाद विद्यार्थियों को कॅरियर मार्गदर्शन दें – कमिश्नर 

 

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा . रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह की पहल पर संभाग में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों को कॅरियर मार्गदर्शन देने के लिए प्रयास शुरू किए गए हैं। संभाग के शिक्षकों को एक बड़े कोचिंग संस्थान से ऑनलाइन प्रशिक्षण दिलाकर हर स्कूल में विद्यार्थियों को कॅरियर मार्गर्शन की व्यवस्था की जा रही है। कमिश्नर श्री सिंह ने शासकीय मार्तण्ड क्रमांक एक उत्कृष्ट विद्यालय में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देने के लिए पुस्तकों का नि:शुल्क वितरण किया। इस अवसर पर कमिश्नर ने कहा कि हम सब भारतीय हैं। अपने देश की प्रगति में योगदान देना हम सबकी जिम्मेदारी है। एक भारतीय के रूप में हर व्यक्ति और हर विद्यार्थी अपनी जिम्मेदारी निभाए। सभी विद्यार्थी अपने जीवन का लक्ष्य तय करके उसे प्राप्त करने के लिए सही रणनीति बनाएं और पूरी प्रतिबद्धता से प्रयास करें। अपने मन से डर को निकालकर आत्मविश्वास को व्यक्तित्व का भाग बनाएं।

 

कमिश्नर ने कहा कि कोई भी परीक्षा कठिन नहीं होती है। पेपर में सवाल निर्धारित सिलेबस से ही आते हैं। जब हमारी तैयारी कमजोर होती है तब हमें परीक्षा कठिन और सफलता संदिग्ध लगती है। सही तैयारी करने वाले प्रतिबद्ध विद्यार्थियों के लिए हर कठिनाई बेमानी है। विद्यार्थी अपने कॅरियर का कक्षा आठवीं, नौवीं में ही निर्धारण कर लें। आपको डॉक्टर, इंजीनियर, प्रशासनिक अधिकारी, खिलाड़ी जो भी बनना है उसके लिए समय पर और सही तरीके से तैयारी करें। कमिश्नर ने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि सभी स्कूलों में प्रार्थना के बाद कक्षा नौवीं से लेकर बारहवीं तक के विद्यार्थियों को प्रतिदिन उनके लक्ष्यों की याद दिलाएं। विद्यार्थियों को कॅरियर के लिए सही मार्गदर्शन दें। आवश्यकता होने पर अतिरिक्त कक्षा लेकर उन्हें तैयारी कराएं। प्राचार्य भी कम से कम एक पीरियड बच्चों को पढ़ाएं। हमें वेतन उस पदीय दायित्व का मिलता है जिसका हम निर्वहन कर रहे हैं। इससे अलग नई पीढ़ी का भविष्य संवारने में शिक्षकों द्वारा दिया गया योगदान ही देश के प्रति सच्ची सेवा होगी।

 

कमिश्नर ने कहा कि ईश्वर ने हर व्यक्ति को अद्वितीय बनाया है। दो व्यक्तियों की उंगलियों के निशान और आधार कार्ड नहीं मिल सकते हैं। ईश्वर ने हमें अद्वितीय कार्य के लिए बनाया है। अपने कार्यों और सफलता से ऐसा नाम करें कि कई पीढ़ियाँ आपको याद रखें। सभी विद्यार्थियों में असीम क्षमता है। इस क्षमता का सही उपयोग करेंगे तो जीवन को उत्कर्ष मिलेगा। कार्यक्रम में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि रीवा संभाग में कमिश्नर सर की पहल पर विद्यार्थियों के लिए कॅरियर मार्गदर्शन की अनूठी पहल की गई है। शासकीय स्कूलों की व्यवस्था को बेहतर बनाकर उन्हें उत्कृष्ट संस्थान बनाएंगे। विद्यार्थियों को कॅरियर मार्गदर्शन देने में शिक्षकों की भी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण होगी। इस नवाचार से शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होने के साथ विद्यार्थियों को अपने सपने साकार करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में संयुक्त संचालक शिक्षा नीरव दीक्षित ने संभाग में नीट और जेईई की नि:शुल्क कोचिंग तथा कॅरियर मार्गदर्शन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी पीएल मिश्रा, जिला समन्वयक शिक्षा मिशन राजेश तिवारी, सहायक संचालक वित्त राजेश मिश्रा, स्कूल के प्राचार्य आरके जैन, सभी बीईओ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button