प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

सीएम हेल्पलाइन में 5 अगस्त तक 70 वेटेज स्कोर प्राप्त करें – कलेक्टर 

सीएम हेल्पलाइन में 5 अगस्त तक 70 वेटेज स्कोर प्राप्त करें – कलेक्टर 

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर के लिए आवश्यक प्रबंध करें – कलेक्टर  

 

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश 

रीवा . कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि सभी अधिकारी टीएल पत्रों का सात दिवस में प्रतिवेदन दें। सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों का नियमित रूप से निराकरण कराकर 5 अगस्त तक हर विभाग कम से कम 70 वेटेज स्कोर प्राप्त करे। अधिकारी 50 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, श्रम विभाग, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जनजातीय कार्य विभाग, पीएचई तथा गृह विभाग लंबित आवेदनों के निराकरण पर विशेष ध्यान दें। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रथम शिविर 7 अगस्त को सिरमौर विकासखण्ड में लगाया जाएगा। इस शिविर के क्लस्टर में शामिल ग्राम पंचायतों में विभिन्न विभागों में लंबित सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा अन्य आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण कराएं। शिविर के लिए आवश्यक प्रबंध तत्काल करें। शिविर में जनसंवाद तथा उद्योग संवाद की भी व्यवस्थाएं करें। शिविर के नोडल अधिकारी शिविर में आधार पंजीयन, आयुष्मान कार्ड बनाने, फार्मर आईडी बनाने तथा विभिन्न योजनाओं की ई केवाईसी कराने की भी व्यवस्था करें।

 

कलेक्टर ने कहा कि सभी फाइलें ई आफिस के माध्यम से ही भेजें। जो फाइलें निराकृत हो गई हैं उन्हें पार्क करा दें। सभी अधिकारी भी ई आफिस में दक्षता प्राप्त कर लें। अक्षय ऊर्जा विभाग द्वारा शासकीय भवनों में नि:शुल्क सोलर पैनल लगाने की योजना लागू की गई है। जिन कार्यालयों की बिजली की खपत 20 किलोवाट से अधिक है वे भवन के उपयुक्त होने पर सोलर पैनल लगवाएं। इसके लिए आज ही ऊर्जा विकास निगम तथा संबंधित एजेंसी के साथ अनुबंध कर लें। सोलर पैनल लगाने से आपके बिजली के बिल में कमी आएगी। सभी अस्पतालों, छात्रावास भवनों, स्कूलों तथा शासकीय कार्यालयों में भी सोलर पैनल अवश्य लगवाएं। श्रम विभाग द्वारा पात्र मजदूरों का मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना में पंजीयन किया जा रहा है। जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा मुख्य नगर पालिका अधिकारी पंजीयन के लंबित आवेदन पत्रों का आज ही निराकरण कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

 

कलेक्टर ने कहा कि सभी हितग्राहीमूलक स्वरोजगार योजनाओं में निर्धारित वार्षिक लक्ष्य के अनुसार हितग्राहियों के लक्ष्य से 25 प्रतिशत अधिक आवेदन पत्र 15 अगस्त तक दर्ज करा दें। अग्रणी बैंक प्रबंधक तथा संबंधित विभाग नियमित रूप से शिविर लगाकर दर्ज आवेदन पत्रों का निराकरण कराएं। पात्र हितग्राहियों को ऋण और अनुदान का वितरण कराएं। पीएम श्रम मानधन योजना में भी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार हितग्राहियों का पंजीयन कराएं। कमिश्नर्स-कलेक्टर्स कान्फ्रेंस के एजेण्डा बिन्दुओं में शामिल विभागीय गतिविधियों पर नियमित रूप से कार्यवाही करके प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। बैठक में कलेक्टर ने किसान क्रेडिट कार्ड के प्रकरणों के निराकरण तथा स्वनिधि योजना की लक्ष्य पूर्ति के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा‍ कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी नियमित रूप से दुकानों का निरीक्षण करके खाद्य पदार्थों के नमूने लें। अमानक नमूनों पर जुर्माने की कार्यवाही होने पर पूरी राशि की वसूली कराएं। लंबित जुर्माने की 11 लाख रुपए से अधिक की राशि की 15 दिन में वसूली करें।

 

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी आईगॉट पोर्टल के माध्यम से प्रशिक्षण लेकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। ई दक्षता केन्द्र के माध्यम से भी प्रशिक्षण की व्यवस्था की जा रही है। एक पेड़ माँ के नाम योजना के तहत सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्य के अनुसार वृक्षारोपण कराएं। पौधों को रोपित करने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और देखभाल की भी व्यवस्था करें। रोपित पौधों की जानकारी वायुदूत ऐप में दर्ज कराएं तथा जिला पंचायत में परियोजना अधिकारी को रिपोर्ट प्रस्तुत करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, एसडीएम हुजूर अनुराग तिवारी, डिप्टी कलेक्टर जितेन्द्र तिवारी, डिप्टी कलेक्टर माइकल तिर्की तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अन्य एसडीएम, तहसीलदार, जनपद के सीईओ तथा सीएमओ वीडियो कान्फ्रेंसिंग से बैठक में शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button