दशमोत्तर छात्रवृत्ति 2026-27 की समय-सारिणी जारी, 15 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया, । जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र कुमार शशि ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 की दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के लिए अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामान्य, अन्य पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राओं हेतु शासन द्वारा अधिकृत समय-सारिणी जारी कर दी गई है।
उन्होंने जनपद के सभी मान्यता प्राप्त दशमोत्तर शिक्षण संस्थानों के प्राचार्यों, छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों एवं छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय-सारिणी का पालन करने की अपील की है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार नवीन शिक्षण संस्थानों के मास्टर डाटा की प्रक्रिया 22 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक चलेगी। नवीनीकरण (Renewal) एवं नवीन (Fresh) छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन 15 सितंबर 2026 से प्रारंभ होंगे। नवीनीकरण के आवेदन 15 अक्टूबर 2026 तक तथा नवीन छात्रों के आवेदन 31 अक्टूबर 2026 तक किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि आवेदन, सत्यापन, स्क्रूटनी, डाटा लॉक, मांग सृजन तथा छात्रवृत्ति की धनराशि अंतरण की समस्त प्रक्रिया शासन द्वारा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएगी। छात्र-छात्राओं से समय रहते आवेदन कर आवश्यक अभिलेख संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करने की अपील की गई है।



