
जिलाधिकारी के निर्देश पर आटा मिलों में छापेमारी, दो नमूने संग्रहित, 1,021 किलोग्राम आटा सीज।
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया / जिलाधिकारी बृजेश कुमार के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम द्वारा जनपद में विभिन्न आटा मिलों पर सघन छापेमारी एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास एवं अनिल कुमार संखवार की टीम ने मिनी इंडस्ट्रियल एरिया, औरैया स्थित एक आटा मिल से गेहूं के आटे का नमूना संग्रहित किया तथा 698 किलोग्राम गेहूं का आटा नियमानुसार सीज किया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹20,242 है। इसके उपरांत मधुपुर स्थित आटा मिल से गेहूं के आटे का नमूना संग्रहित करते हुए 323 किलोग्राम गेहूं का आटा सीज किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹9,690 है।
अभियान के दौरान कुल दो नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित आटा मिलों द्वारा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत लेबलिंग एवं पैकेजिंग नियमों तथा हाईजीन एवं सेनिटेशन (शेड्यूल-4) के मानकों का पूर्ण अनुपालन न पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं को सुधार नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत संबंधित खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार विधिक कार्यवाही की जाएगी।
इसी क्रम में शासन से प्राप्त फूड सेफ्टी ऑन व्हील (मोबाइल वैन प्रयोगशाला) का संचालन भी खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास द्वारा किया गया। मोबाइल प्रयोगशाला के माध्यम से 10 खाद्य नमूनों की त्वरित जांच की गई, जिनमें से 2 नमूने मानकों के विपरीत पाए गए। संबंधित कारोबारकर्ताओं को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान आमजन एवं खाद्य कारोबारकर्ताओं को सुरक्षित एवं मानक खाद्य पदार्थों के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया।


