
सोनबरसा में ‘ऑपरेशन विधि पालक’ अभियान, छात्रों को महिला सुरक्षा और कानून की दी गई जानकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोनबरसा थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन विधि पालक’ अभियान के तहत इंदरवा उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं, विशेषकर बालकों को महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार, महिला सुरक्षा, उनके विरुद्ध होने वाले अपराधों, संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को कानून का पालन करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से महिला सम्मान और सुरक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी मानते हुए अपने परिवार और समाज में भी जागरूकता फैलाने की अपील की। इसके अलावा किसी भी आपराधिक घटना या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या निकटतम थाना को देने का आग्रह किया गया।

