प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

नशा मुक्त भारत महाअभियान एवं रक्तदान महादान अभियान का हुआ शुभारंभ

नशा मुक्त भारत महाअभियान एवं रक्तदान महादान अभियान का हुआ शुभारंभ

नशे के विरुद्ध असली मुहिम ब्रम्हाकुमारीज़ संस्थान ने शुरू की – उप मुख्यमंत्री 

 

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:रीवा मध्य प्रदेश

रीवा . प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय रीवा द्वारा नशा मुक्त भारत महा अभियान एवं विशाल रक्तदान महादान अभियान का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ एवं लॉन्चिंग कार्यक्रम कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों तथा नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। उपस्थित सभी लोगों ने ‘10 करोड़ नशा मुक्त भारत संकल्प’ की शपथ लेकर नशामुक्त, स्वस्थ एवं संस्कारित भारत के निर्माण का संकल्प लिया।

 

 

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय नि:स्वार्थ भाव से मानवता की सेवा कर रहा है। यह संस्था अपने लिए कुछ नहीं चाहती, बल्कि समाज और राष्ट्र के कल्याण के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है। नशे के विरुद्ध वास्तविक और स्थायी मुहिम ब्रह्माकुमारीज़ ने शुरू की है। केवल कानून या दंड से नशे की समस्या समाप्त नहीं होगी, बल्कि व्यक्ति के विचारों और संस्कारों में परिवर्तन लाना होगा, जो आध्यात्मिक जागृति से ही संभव है। उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने अपने माउंट आबू प्रवास का अनुभव साझा करते हुए कहा कि वहाँ उन्हें अद्भुत सुख, शांति और आत्मिक ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने कहा कि जब मनुष्य स्वयं को आत्मा समझकर परमात्मा से जुड़ता है, तब उसके भीतर सकारात्मक परिवर्तन आता है और वह नशे जैसी बुराइयों से दूर हो जाता है। ब्रह्माकुमारीज़ का यह अभियान केवल नशामुक्ति का नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण, संस्कार निर्माण और राष्ट्र निर्माण का अभियान है।

 

 

कार्यक्रम में राजयोगिनी बीके निर्मला बहन जी जोनल इंचार्ज भोपाल जोन ने की। उन्होंने कहा कि राजयोग व्यक्ति को आत्मबल, आत्मविश्वास और आत्मसंयम प्रदान करता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने वास्तविक आत्मस्वरूप को पहचानकर परमात्मा से संबंध जोड़े, तो नशा जैसी बुराइयाँ स्वतः समाप्त हो सकती हैं। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए सभी को शुभकामनाएँ दीं। मध्यप्रदेश मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्री अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि मानवाधिकारों की वास्तविक रक्षा तभी संभव है जब समाज मानसिक, नैतिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त हो। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों को कमजोर करता है तथा इसका स्थायी समाधान आध्यात्मिक जागृति और श्रेष्ठ संस्कारों में निहित है। विशेष संबोधन में बीके श्रीकांत भाई, बीके विनय पंड्या तथा बीके डॉ. ने आध्यात्मिकता और राजयोग को नशामुक्त एवं तनावमुक्त समाज की आधारशिला बताते हुए युवाओं से व्यसनमुक्त जीवन अपनाने का आह्वान किया।

 

 

कार्यक्रम का संचालन बीके प्रकाश भाई जी ने किया। इस अवसर पर विन्ध्य विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष पंचूलाल प्रजापति, वीरेन्द्र गुप्ता भाजपा जिला अध्यक्ष, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, के.के. गर्ग, श्री ए.के. खान, डॉ. रश्मि शुक्ला, अनिल दुबे, प्रभाकर चतुर्वेदी, लाल बहादुर सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल का जन्मदिवस भी गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। ब्रह्माकुमारी परिवार ने उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दीं तथा उपस्थित सभी लोगों ने “तुम जियो हजारों साल…” गीत गाकर उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएँ कीं। इस अवसर पर सभी अतिथियों को दिव्य स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया गया। विशेष रूप से उप मुख्यमंत्री को “यही मेरी असली पहचान है – मैं शरीर नहीं, एक आत्मा हूँ” शीर्षक वाला आध्यात्मिक स्मृति-चित्र भेंट किया गया, जिसकी उन्होंने विशेष सराहना की। कार्यक्रम का सबसे प्रेरणादायी क्षण तब आया जब एक युवक ने हजारों लोगों की उपस्थिति में मंच से सार्वजनिक रूप से नशा छोड़ने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button