
कलेक्टर ने जन विश्वास अभियान में किया स्कूल तथा आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण
जनपद सीईओ आंगनवाड़ी भवन की तत्काल मरम्मत कराएं – कलेक्टर
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: रीवा मध्य प्रदेश
रीवा . मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का प्रथम शिविर सिरमौर विकासखंड में लगाया गया। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी तथा सभी अधिकारी बस से शिविर स्थल पर पहुंचे। मार्ग में कलेक्टर ने जन विश्वास अभियान के तहत ग्राम सदहना में माध्यमिक शाला तथा आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में छोटे-छोटे बच्चों से एबीसीडी और गिनती सुनी तथा उन्हें दुलार किया। कलेक्टर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाएं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शासन की योजनाओं से महिलाओं को अवगत कराएं। गर्भवती महिलाओं का पंजीयन कर उन्हें स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से जांच और उपचार की सुविधा दें। आंगनबाड़ी केंद्र में आने वाले बच्चों को अनौपचारिक शिक्षा दें। कलेक्टर ने जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आंगनबाड़ी केंद्र भवन की मरम्मत कराने तथा अधूरे पड़े स्कूल के अतिरिक्त कक्ष का निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्राथमिक स्कूल का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों से पठन-पाठन तथा पुस्तक वितरण की जानकारी ली। विद्यार्थी ने बताया कि पुस्तक उन्हें प्राप्त हो गई है। इसके बाद कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से जन संवाद किया। ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग से गांव तक जाने वाले मार्ग से अतिक्रमण हटाने तथा मार्ग का निर्माण कराने का आवेदन दिया। कलेक्टर ने एसडीम सिरमौर और जनपद के सीईओ को सड़क से अतिक्रमण हटाने और सुधार के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय डीएफओ लोकेश निरापुरे, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, एसडीएम दृष्टि जायसवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास नयन सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलाल मिश्रा, डीपीसी राजेश तिवारी तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


