
सीतामढ़ी में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। पुलिस अधीक्षक सीतामढ़ी की अध्यक्षता में परिचर्चा भवन में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
गोष्ठी में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान, लंबित कांडों के निष्पादन तथा Citizen Centric Policing को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्र के कम-से-कम पांच वांछित अपराधियों को चिह्नित कर इनाम घोषित करने के लिए नियमानुसार प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया।
लंबित मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों के समुचित संकलन पर विशेष जोर दिया गया। गंभीर एवं संवेदनशील मामलों, जैसे POCSO, SC/ST, बलात्कार, दहेज प्रताड़ना एवं U.D. मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में गश्ती व्यवस्था मजबूत करने, Dial-112 की त्वरित प्रतिक्रिया बढ़ाने, सघन वाहन जांच अभियान चलाने तथा सक्रिय एवं जेल से छूटे अपराधियों पर निगरानी रखने को कहा गया। अवैध हथियार एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।
आमजनों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष बल दिया गया। “सबका सम्मान, जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को अनुमंडल, अंचल एवं थाना स्तर पर जनता दरबार/जन संवाद आयोजित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा e-Dossier, e-Summon, e-Sakshya, Criminal Verification एवं CCTNS के प्रभावी उपयोग, लंबित वारंट एवं कुर्की के निष्पादन, पासपोर्ट व चरित्र सत्यापन तथा महिला हेल्प डेस्क के संवेदनशील संचालन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से संवाद कर उनके कर्तव्यों, अनुशासन एवं जनसेवा के प्रति मार्गदर्शन दिया तथा उनकी समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।


