
इटावा में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुरक्षा उपायों के निर्देश
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा: जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल एवं अपर पुलिस अधीक्षक अभयनाथ त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थलों पर तत्काल आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इन स्थानों पर वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए “कृपया धीमे चलें, आगे खतरा है” जैसे चेतावनी संदेश वाले साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने को कहा गया।
उन्होंने एक्सप्रेसवे पर किसी भी प्रकार की अवैध पार्किंग को पूरी तरह प्रतिबंधित रखने और प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वाहन चालकों से हाई स्पीड और शराब के नशे में वाहन न चलाने की अपील की।
दुर्घटना पीड़ितों के इलाज पर जोर
बैठक में बताया गया कि पीएम राहत के अंतर्गत दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति का चिन्हित अस्पतालों में 1.5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज कराया जाएगा। अधिकारियों को इस योजना का लाभ पात्र दुर्घटना पीड़ितों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर होने वाली प्रत्येक सड़क दुर्घटना की सूचना पर NHAI अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच करने और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी स्थान पर बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं तो उसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्थायी समाधान किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। NHAI और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
स्ट्रीट लाइट और सेफ्टी बैरियर होंगे दुरुस्त
दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें शत-प्रतिशत क्रियाशील रखने, आवश्यकता के अनुसार क्रैश/सेफ्टी बैरियर लगाने तथा “कृपया धीरे चलें, दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र” जैसे चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित अनफिट वाहनों को नोटिस देने और निर्धारित मानकों की जांच के बाद ही उनका संचालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही वाहन चालकों का पुलिस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश भी दिए।
रोडवेज बसों में जहरखुरानी से बचाव की जागरूकता
एआरएम को रोडवेज बसों में यात्रियों के बीच “जहरखुरानी से सावधान रहें” संबंधी जागरूकता पंपलेट वितरित कराने के निर्देश दिए गए, ताकि यात्रियों को सतर्क किया जा सके।
अवैध कट और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
सड़कों पर बनाए गए सभी अवैध कट तत्काल बंद करने और सर्विस रोड के किनारे रखा सामान हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए गए। अंडरपास की नियमित सफाई और सौंदर्यीकरण कर उन्हें सुरक्षित एवं उपयोगी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
तिराहों और चौराहों पर रोडवेज बसों के अनावश्यक ठहराव पर रोक लगाने, निर्धारित बस स्टॉप और पिकअप प्वाइंट तय करने के निर्देश दिए गए। यात्रियों को निर्धारित बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन से ही बैठाने तथा अन्य डिपो की बसों के अनियंत्रित प्रवेश पर नियंत्रण रखने को कहा गया।
बैठक में सीओ ट्रैफिक राम गोपाल शर्मा, एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन हुमा परवीन, एआरटीओ प्रदीप देशमणि, यातायात प्रभारी, एसीएमओ, एआरएम अमित सिंह, पीडब्ल्यूडी विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।



