महाराष्ट्रपूणेप्रशासन

पत्रकार भवन, पुणे में प्रकाशन विभाग की बुक गैलरी नागरिकों के लिए शुरू

पत्रकार भवन, पुणे में प्रकाशन विभाग की बुक गैलरी नागरिकों के लिए शुरू

 

एफटीआईआई के कुलपति धीरज सिंह और पुणे श्रमिक पत्रकार संघ के अध्यक्ष उमेश शेळके ने किया उद्घाटन

 

रिपोर्ट: विशाल सिंह तोमर 

स्थान:पुणे महाराष्ट्र 

पुणे के गांजवे चौक स्थित पत्रकार भवन में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रकाशन विभाग की ओर से स्थापित बुक गैलरी आज से नागरिकों के लिए शुरू हो गई। पत्रकार भवन की तीसरी मंजिल पर पत्र सूचना कार्यालय के अंतर्गत इस बुक गैलरी की स्थापना की गई है।

 

बुक गैलरी का औपचारिक उद्घाटन फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई), पुणे के कुलपति धीरज सिंह और पुणे श्रमिक पत्रकार संघ के अध्यक्ष उमेश शेळके ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो की उपनिदेशक सुप्रिया घायतडक, रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी अंकुश चव्हाण, पत्र सूचना कार्यालय के मीडिया एवं संचार अधिकारी तथा प्रकाशन विभाग के व्यवसाय प्रबंधक हर्षल आकुडे, पुणे पत्रकार प्रतिष्ठान के अध्यक्ष राजेंद्र पाटील, ट्रस्टी शैलेश काळे, कार्यकारिणी सदस्य मिलिंद शुक्ल सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 

प्रकाशन विभाग की इस बुक गैलरी में पाठकों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और ज्ञान के प्रति रुचि रखने वाले नागरिकों के लिए दुर्लभ एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध होगा। देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, इतिहास और महान व्यक्तित्वों से जुड़ी प्रमाणिक जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

प्रकाशन विभाग के पास भारत के स्वतंत्रता संग्राम, कला, संस्कृति और वास्तुकला सहित विभिन्न विषयों पर आधारित अनेक महत्वपूर्ण पुस्तकें उपलब्ध हैं। ‘बिल्डर्स ऑफ मॉडर्न इंडिया’ श्रृंखला के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और डॉ. बी. आर. आंबेडकर जैसे महान नेताओं की विस्तृत जीवनियां प्रकाशित की गई हैं।

 

इसके अलावा राष्ट्रपति भवन के इतिहास, कला और वास्तुकला पर आधारित आकर्षक कॉफी टेबल बुक्स, बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक कहानियां, नैतिक शिक्षा और बाल साहित्य की बड़ी श्रृंखला भी यहां उपलब्ध है। विशेष रूप से प्रकाशन विभाग की कई पुस्तकों पर सरकारी नीति के अनुसार समय-समय पर 10 से 90 प्रतिशत तक की छूट भी दी जाती है।

 

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रकाशन विभाग का महाराष्ट्र मुख्यालय पुणे के कैंप क्षेत्र में केंद्रीय संचार ब्यूरो कार्यालय परिसर में स्थित है। विभाग की नीति के तहत पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर बुक गैलरी और रीडिंग कॉर्नर स्थापित किए जा रहे हैं।

 

पत्रकार भवन शहर के मध्यवर्ती क्षेत्र में स्थित है और यहां पत्रकारों के साथ-साथ राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं, नेताओं, एमपीएससी-यूपीएससी की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों तथा वरिष्ठ नागरिकों की नियमित आवाजाही रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए पत्रकार भवन को बुक गैलरी के लिए उपयुक्त स्थान माना गया।

इस पहल के माध्यम से नागरिकों को प्रकाशन विभाग की गुणवत्तापूर्ण पुस्तकें और पत्रिकाएं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रकाशन विभाग की ओर से नागरिकों से इस बुक गैलरी का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button