प्रशासनमध्य प्रदेशरीवा

वर्षा का दौर थमा, नदियों का घटा जल स्तर – जल भराव से मिली राहत 

वर्षा का दौर थमा, नदियों का घटा जल स्तर – जल भराव से मिली राहत 

रिपोर्ट विशाल समाचार 

स्थान रीवा मध्य प्रदेश 

   रीवा . रीवा जिले में पिछले 24 घंटों से वर्षा का दौर थम गया है। जिले में पिछले 24 घंटों में केवल 10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। रीवा के साथ-साथ सतना और मऊगंज जिलों में भी बारिश कमजोर होने से जल भराव में राहत मिली है। कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार जिले की नदियों के जल स्तर में धीरे-धीरे कमी हो रही है। बिछिया और बीहर नदी का जल स्तर घटने के कारण कई मोहल्लों से जल भराव समाप्त हो गया है। नालों में भी धीरे-धीरे पानी घट रहा है। बीहर नदी अब विक्रम पुल में खतरे के निशान से नीचे है। महाना नदी और अन्य नदियों में भी जल स्तर घट रहा है। टमस नदी का जल स्तर बढ़ने के कारण त्योंथर में पचामा बस्ती में जल भराव है। बसोरन मोहल्ला पूरी तरह से जलमग्न है। मौके पर पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीम तैनात है। मोटरबोट के माध्यम से लोगों का आवागमन हो रहा है। वर्षा न होने के कारण मोहल्ले से धीरे-धीरे पानी उतर रहा है। नैना नदी का जल स्तर घटने से सड़क मार्ग से आवागमन शुरू हो गया है। बारिश का दौर थमा रहा तो अगले 24 घंटों में रीवा शहर में स्थिति सामान्य हो जाएगी।

कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने बताया कि जल भराव के कारण घरों को आंशिक अथवा अधिक हानि हुई है। कई कच्चे मकान पूरी तरह से ध्वस्त हो गए हैं। सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पटवारी तथा जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं ग्राम पंचायत सचिव लगातार क्षेत्र में निगरानी रखे हुए हैं। जल भराव समाप्त होते ही घरों, फसलों तथा अन्य सम्पत्तियों के नुकसान का राजस्व विभाग के अमले द्वारा सर्वे किया जाएगा। सर्वे रिपोर्ट के बाद शासन के मापदण्डों के अनुरूप राहत राशि वितरित की जाएगी। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को सर्वे के लिए तत्काल दल गठन के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने बताया कि जिले भर में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, होमगार्ड्स जवान तथा पुलिस के जवान प्रभावित क्षेत्रों में लगातार राहत और बचाव का कार्य कर रहे हैं। सभी राजस्व अधिकारी भी प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रहे हैं। स्वयंसेवी संस्थाओं और आम जनता द्वारा भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button