
संत रविदास समरसता संकल्प यात्रा का धूमधाम से हुआ शुभारंभ
संत रविदास का जीवन हमें समरसता की प्रेरणा देता है – विधायक
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान रीवा मध्य प्रदेश
रीवा. जिले में गुरू संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर श्री गुरू रविदास महाराज समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा का शुभारंभ गत दिवस श्री गुरू रविदास मंदिर गड़रिया, रतहरा में धूमधाम से किया गया। अतिथियों ने संत शिरोमणि रविदास जी की विधिवत पूजा-अर्चना करके यात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति ने कहा कि संत रविदास का जीवन हमें समरसता की प्रेरणा देता है। संत रविदास ईश्वर के सच्चे भक्त थे। उन्होंने समदृष्टि और समता के साथ समाज में एकता की अलख जगाई। समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि गुरू रविदास जी कि 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प यात्रा आयोजित की जा रही है। संतों और गुरूओं के विचार तथा वाणी संकट में हमें नई राह दिखाते हैं। संत रविदास जी का जीवन दर्शन हम सबको सामाजिक एकता और भाईचारे की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में यात्रा की नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी ने बताया कि संत रविदास समरसता संकल्प यात्रा जिले के सभी विकासखण्डों का 20 अगस्त से 10 सितम्बर तक भ्रमण करेगी। यात्रा के लिए नगरीय निकायों तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए नोडल अधिकारी तैनात कर दिए गए हैं। यात्रा के दौरान सामाजिक समरसता का संदेश देने के लिए प्रेरक भजन और गीत-संगीत का भी आयोजन होगा। इस यात्रा में हमें विभिन्न संतों का आशीर्वाद मिलेगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, जिला संयोजक जनजातीय कार्य केके पाण्डेय, साधु-संत तथा आम जन उपस्थित रहे
।
