
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का किया निरीक्षण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान सीतामढ़ी बिहार
क्षेत्र भ्रमण के क्रम में जिलाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया ने भिट्ठामोड़ स्थित भारत-नेपाल सीमा पर निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की अद्यतन प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों से कार्य की वर्तमान स्थिति, प्रगति तथा निर्धारित समय-सीमा की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के निर्माण कार्य को निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित निगरानी एवं प्रगति की निरंतर समीक्षा करने पर भी बल दिया।
उल्लेखनीय है कि भिट्ठामोड़ में निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट की अनुमानित लागत 349 करोड़ 70 लाख रुपये है तथा परियोजना को निर्धारित तीन वर्ष की अवधि में पूर्ण किया जाना है। यह चेक पोस्ट भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन, सीमा पार व्यापार एवं सुरक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट के निर्माण से सीमा क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार होने के साथ-साथ व्यापारिक एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने, रोजगार के नए अवसर सृजित होने तथा सीमा पर अवैध गतिविधियों की प्रभावी निगरानी एवं नियंत्रण में भी सहायता मिलने की उम्मीद है। इसके माध्यम से भारत-नेपाल सीमा पर आवागमन एवं अन्य संबंधित प्रक्रियाओं को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने में भी मदद मिलेगी।



