
रसोइयों को स्वास्थ्य सुरक्षा, मानदेय वृद्धि का तोहफा, अच्छा कार्य करने वाले रसोइया हुए सम्मानित।
कलेक्ट्रेट सभागार में रसोइयों का सम्मान, मानदेय बढ़कर हुआ 03 हजार।
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान औरैया उत्तर प्रदेश
औरैया पीएम पोषण योजना के तहत परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को प्रदेश सरकार ने मानदेय वृद्धि के साथ स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा की बड़ी सौगात दी है। रविवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित रसोइया सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में किया गया।
कार्यक्रम में सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया तथा जिलाधिकारी बृजेश कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने रसोइयों का उत्साहवर्धन किया।मुख्यमंत्री की ओर से रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि करते हुए इसे 03 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की घोषणा की गयी। इसके साथ ही रसोइयों को 02 लाख रुपये का दुर्घटना क्लेम, 05 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा वस्त्र-परिधान के लिए प्रतिवर्ष 01 हजार रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में उपलब्ध करायी जाएगी। सरकार की इन घोषणाओं की जानकारी मिलने पर समारोह में मौजूद रसोइयों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने कहा कि विद्यालय में बच्चों के लिए भोजन तैयार करना महज रोजगार नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी का कार्य है। रसोइयां प्रतिदिन बच्चों के लिए भोजन तैयार कर उनके स्वास्थ्य और पोषण में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। सरकार ने उनकी मेहनत और भूमिका को देखते हुए मानदेय बढ़ाकर 03 हजार रुपये किया है। इसके साथ ही कैशलेस चिकित्सा सुविधा और दुर्घटना सुरक्षा उपलब्ध कराकर उन्हें सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने वाले हाथों को सम्मान और सुरक्षा देना सरकार की प्राथमिकता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने कहा कि पीएम पोषण योजना को सफल बनाने में रसोइयों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वह प्रतिदिन बच्चों के लिए भोजन तैयार कर योजना के उद्देश्य को धरातल पर उतारने में सहयोग करती हैं। सरकार द्वारा मानदेय बढ़ाने के साथ स्वास्थ्य और दुर्घटना सुरक्षा का प्रबंध किया जाना रसोइयों के हित में महत्वपूर्ण कदम है। इससे उनका मनोबल बढ़ेगा और सामाजिक सुरक्षा भी मजबूत होगी।
जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने रसोइयों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पीएम पोषण योजना के माध्यम से विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वह पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करती हैं। सरकार द्वारा मानदेय बढ़ाने तथा चिकित्सा एवं दुर्घटना सुरक्षा जैसी सुविधाएं दिए जाने से उनके मनोबल में वृद्धि होगी। उन्होंने रसोइयों से इसी प्रकार निष्ठा के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाली रसोइयों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार, जिला बेसिक शिक्षाधिकारी संजीव कुमार, डीसी एमडीएम नमन पाण्डेय, डीसी कुलदीप कुमार, मयंक उदेनिया, प्रमोद विश्वकर्मा और सौरभ गुप्ता, सुशील चौबे, अजीत कुमार, दुर्गेश तिवारी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।


