
जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन मुस्तैद, कलेक्टर-एसपी ने राहत एवं बचाव कार्यों का लिया जायजा
कलेक्टर-एसपी ने राहत पहुंचकर व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
रिपोर्ट विशाल समाचार
स्थान मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . जिले में वर्षा के कारण जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। कलेक्टर संजय कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर मौके पर संचालित राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारी एवं मैदानी अमला उपस्थित रहा। कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कोट पहुंचकर जलभराव की स्थिति तथा प्रभावित नागरिकों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम पंचायत कोट में बनाए गए राहत शिविर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं, भोजन, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत शिविर में ठहरे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा आवश्यकतानुसार सभी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र कोट एवं उचित मूल्य दुकान (राशन दुकान) कोट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने खाद्यान्न वितरण एवं आवश्यक सामग्री की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को खाद्यान्न सहित आवश्यक सामग्री की उपलब्धता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। कलेक्टर ने कहा कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की टीमें लगातार सक्रिय रहें और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यकतानुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।प्रशासन द्वारा जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है। मैदानी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रभावित परिवारों से सतत संपर्क बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य तत्काल संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने देवतालाब मंदिर प्रांगण का निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा जलभराव की स्थिति पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यकता अनुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के लिए मैदानी अमले को सक्रिय रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीम मऊगंज रश्मि चतुर्वेदी, सीईओ नईगढ़ी ऊषा किरण गुप्ता, तहसीलदार सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे ।

